जालंधर: पंजाब में मौसम का बदलाव आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा जिसके चलते तेज धूप व आंधी-तूफान का बदलता मौसम देखने को मिलेगा। इसी क्रम में 2 जून को मध्यम गर्मी का असर रहेगा जबकि 3 जून से राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है, इसे लेकर कई जिलों में य़ैलो तथा कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 2.9 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सैल्सियस नीचे बना हुआ है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जालंधर में गत दिवस अधिकतम तानुमान करीब 36 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में लगभग 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सैल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। इस प्रकार दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री का अंतर देखने को मिला।