

जालांधर: पंजाब में मॉनसून की रफ्तार अब धीमी होती दिख रही है। बारिश की गति कम होने से राज्य के कई हिस्सों में तापमान बढ़ गया है, जिससे लोगों को गर्मी के साथ-साथ उमस का भी सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि राज्य का औसत तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को पंजाब में मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। राज्य के कुछ उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में से 25 फीसदी या उससे कम क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है।
दूसरी ओर तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, बरनाला, संगरूर और मानसा समेत ज्यादातर मध्य और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सोमवार को फिरोजपुर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां का तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में फिलहाल तापमान सामान्य के करीब है, लेकिन बारिश न होने और नमी बढ़ने से उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।



