पुणे: पुणे के लोहेगांव इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने किराए के आलीशान बंगले को ही अवैध गांजा उत्पादन का अड्डा बना रखा था। शांत दिखने वाले इस रिहायशी इलाके में चल रहे इस ‘ग्रीन नेटवर्क’ का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को बंगले के परिसर से गांजे के कुल 41 पौधे बरामद हुए- कुछ छोटे, तो कुछ पूरी तरह तैयार। इनका कुल वजन करीब 4.5 किलोग्राम बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी न सिर्फ गांजे की खेती कर रहा था, बल्कि इसकी सप्लाई चेन भी संचालित कर रहा था।गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष भरतकुमार पांचाल के रूप में हुई है, जिसने लोहेगांव के पथारे वस्ती इलाके में यह बंगला किराए पर लिया था। बाहर से साधारण दिखने वाले इस घर के भीतर अवैध खेती का पूरा सेटअप तैयार किया गया था दरअसल, लोहेगांव पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल आकाश मोरे और अमोल एडलिंग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक बंगले में नशीले पदार्थों की खेती हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंगले पर दबिश दी, और जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।छापेमारी में पुलिस ने 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल ग्राहकों से संपर्क, ऑर्डर लेने और सप्लाई मैनेज करने के लिए किया जाता था। इतना ही नहीं, आरोपी के एक वाहन से भी गांजा बरामद किया गया, जिससे उसके नेटवर्क के विस्तार का संकेत मिलता है।