दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मई की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है और गर्मी के बीच हल्की राहत महसूस की जा रही है। 2 मई को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे धूप थोड़ी कम तीखी महसूस होगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य के करीब रहेगा, लेकिन हल्की उमस लोगों को परेशान कर सकती है। सुबह के समय करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर तक बढ़कर लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शाम और रात के समय हवाओं की गति धीमी हो जाएगी और दिशा दक्षिण-पश्चिम की ओर हो सकती है।
मौसम में बड़ा बदलाव 3 मई से देखने को मिलेगा। सुबह तक हल्के बादल रहेंगे, लेकिन दोपहर के बाद आसमान पूरी तरह बादलों से ढक सकता है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी आने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और तेज झोंकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके चलते धूल भरी आंधी, पेड़ों की टहनियां टूटने और दृश्यता कम होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। इस दिन तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।