महाराष्ट्र: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। भिवंडी पुलिस ने इस मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर पांच आरोपियों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में राजीव प्रयाग शाव, आकाश कुमार स्वराज कुमार, धिरज बलराज सिंह, कपिल दहिया और बिजेंदर कुमार गुप्ता उर्फ बालेश्वर कुमार साह शामिल हैं। इनमें से कपिल दहिया फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।भिवंडी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपियों में से एक बिजेंदर कुमार गुप्ता बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। बिजेंदर कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर देश के कई राज्यों में पेपर लीक करने के गंभीर आरोप हैं। जुलाई 2023 में ही ओडिशा में उसके खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर फर्जी नामों का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बिजेंदर ही इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल भिवंडी पुलिस की टीमें हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।