
नकोदर: नकोदर इलाके में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही एक महिला डॉक्टर को पिस्तौल की नोक पर रोककर सोने के गहने लूट फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए एक राउंड हवाई फायर भी किए। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता डॉक्टर शुस्मिता जालंधर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। डॉक्टर शुस्मिता अपने ससुर जोनस मसीह निवासी गांव गांधरा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर नकोदर से अपने गांव लौट रही थीं, जब उनकी एक्टिवा नई दाना मंडी के नजदीक पहुंची, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और उन्होंने एक्टिवा के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। इसके बाद दोनों ने पिस्तौल तानकर डॉक्टर और उनके ससुर को रोक लिया। पीड़ितों के अनुसार जैसे ही उन्होंने घबराकर एक्टिवा रोकी, बदमाशों ने उन्हें डराने और शोर न मचाने के लिए हवा में एक राउंड फायर कर दिया। गोली चलने से दोनों सहम गए। इसके बाद आरोपियों ने हथियार के बल पर डॉक्टर शुस्मिता की सोने की चेन, कानों की बालियां और एक सोने की अंगूठी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए वारदात स्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



