

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एहतियात के तौर पर श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के लिए नया रजिस्ट्रेशन कुछ समय के लिए रोक दिया है। हालांकि, बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था आज सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से पुंछ जिले की मंडी तहसील के लिए रवाना हुआ। मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है।श्राइन बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिन श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन पहले ही पूरा हो चुका है और जिनके पास वैध RFID कार्ड हैं, उन्हें मौसम के मिजाज और सुरक्षा अधिकारियों के आकलन के आधार पर ही आगे बढ़ने की इजाजत दी जा रही है। श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और जारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें।



