
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में BJP की सरकार बने 12 दिन हो गए हैं। इन 12 दिन में सुवेंदु ने ममता बनर्जी के राज और नीतियों को खत्म करने के लिए 11 बड़े फैसले लिए। जिनमें RG कर रेप-हत्या कांड, चिकन नेक, वंदे मातरम् आदि शामिल हैं। BJP ने बंगाल की कमान संभालते ही तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी सरकार के दौरान लागू की गई नीतियों पर रोक लगा दी है। पद संभालने के बाद कुछ दिन में ही प्रशासनिक सुधार, जन कल्याण, आरक्षण नीतियों और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए कई बड़े फैसले ले लिए गए हैं।सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने बंगाल के सभी मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले होने वाली प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य के मदरसा शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी करके तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। इससे पहले गत 13 मई को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में वंदे मातरम् अनिवार्य किया गया था। राज्य के शिक्षा विभाग ने अधिसूचना जारी करके स्कूलों को निर्देश दिए थे।सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने ममता बनर्जी सरकार की लक्ष्मी भंडार योजना को बंद करके अन्नपूर्णा योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 25 से 60 वर्ष की महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह रकम सीधे उनके आधार कार्ड से लिंक बैंक खातों में ट्रांसफर होगा। इसके लिए एक जून से पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी और आयकर दाता इससे बाहर रहेंगे।