महाराष्ट्र: ठाणे जिले से बेरोजगारी और लाचारी का फायदा उठाकर करोड़ों की ठगी करने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कल्याण इलाके में सक्रिय एक फर्जी भर्ती एजेंसी ने विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने के नाम पर 130 से अधिक बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाया और उनसे करीब 52.68 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने न केवल युवाओं के पैसे हड़पे बल्कि उनके पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए और दफ्तर बंद कर फरार हो गए।पुलिस ने आज इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी एजेंसी से जुड़े आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह कथित अपराध इस वर्ष जनवरी से मई के बीच हुआ। आरोपी कल्याण स्थित अल-लिमरा इंटरनेशनल नामक एजेंसी के माध्यम से काम कर रहे थे। मुंबई निवासी एक व्यक्ति ने महात्मा फुले चौक थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि एजेंसी ने विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को फंसाया।