दिल्ली: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने का दावा किया। यह हमला यमन के सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हवाई हमलों के जवाब में किया गया जिनके लिए हूतियों ने सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने टेलीग्राम पर जारी वीडियो संदेश में एयरलाइन को सऊदी हवाई क्षेत्र से उड़ान नहीं भरने की चेतावनी देते हुए कहा कि सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की नाकाबंदी हटने तक इस चेतावनी को गंभीरता से लिया जाए।यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने कहा कि सना हवाई अड्डे की हवाई पट्टी पर हमला एक ईरानी विमान को उतरने से रोकने के लिए किया गया था जिसके बाद हूतियों ने इस हमले का जवाब देने का संकल्प जताया। अपेक्षाकृत शांति के दौर के बाद हूतियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ने की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है।