Sliderराष्ट्रिय

सरकार का बड़ा फैसला, डीजल और विमान ईंधन के निर्यात पर बढ़ाया टैक्स

दिल्ली: सरकार ने नवंबर से शुरू हुए पखवाड़े के लिए डीजल और विमान ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर अप्रत्याशित लाभ कर बढ़ा दिया है, जबकि पेट्रोल पर यह शुल्क शून्य ही रखा गया है। विमान ईंधन के निर्यात पर शुल्क बढ़ाकर 12.5 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है, जो इससे पिछले पखवाड़े के लिए 11 रुपए प्रति लीटर था। डीजल के निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) और सड़क एवं बुनियादी ढांचा उपकर की दर अब बढ़ाकर 14 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 11.5 रुपए प्रति लीटर थी। वहीं पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क शून्य ही रखा गया है। वित्त मंत्रालय ने 16 नवंबर को देर रात जारी अधिसूचना में कहा कि शुल्क में ये बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सरकार ने 27 मार्च को डीजल और विमान ईंधन के निर्यात पर शुल्क लगाया था और हर पखवाड़े इसकी दर में संशोधन किया जाता है। मंत्रालय ने कहा कि घरेलू खपत के लिए पेट्रोल और डीजल की मौजूदा शुल्क दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच घरेलू स्तर पर ईंधन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए अप्रत्याशित लाभ कर लगाया गया था।

Related Articles

Back to top button