

दिल्ली : आकर्षक नौकरी का लालच देकर भारत लाए गए इंडोनेशिया और मलेशिया के 164 विदेशी नागरिक कथित तौर पर साइबर गुलामी के एक गिरोह के चंगुल में फंस गए। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत पहुंचते ही उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए, आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई और उन्हें अपने ही देशों के लोगों को ठगने के लिए फर्जी फोन कॉल करने पर मजबूर किया गया।पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि इन विदेशी नागरिकों को पेइंग गेस्ट आवासों में रखा गया था, जहां उन्हें कथित तौर पर घटिया भोजन दिया जाता था। काम करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी के कथित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं।इस मामले में मलेशिया के 25 वर्षीय नागरिक तान गुआन वेई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया के लोगों को निशाना बनाता था। उन्हें भारत में आकर्षक वेतन और बेहतर संभावनाओं वाली नौकरी देने का लालच दिया जाता था। भारत पहुंचते ही उनकी मुश्किलें शुरू हो जाती थीं।



