चंडीगढ़, 12 मई

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बीते दिनों बटाला, तरनतारन, लुधियाना और जीरकपुर में पार्टी कार्यालयों पर एक साथ हुए हमलों के पीछे आम आदमी पार्टी की सोची-समझी साजिश को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आप पार्टी पंजाब में ममता के बंगाल जैसे हालात पैदा करना चाहती है। लेकिन इस तरह की ओछी राजनीति और हथकंडे भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई को नहीं रोक सकेंगे। वह मोहाली के एसएसपी से मिलकर कल की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई की आंच आप पार्टी के बड़े नेताओं तक पहुंचने लगी, तो बौखलाई हुई आप नेतृत्व ने निम्न स्तर की राजनीति शुरू कर दी और भाजपा कार्यालयों पर हमले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ही समय पर और एक जैसे तरीके से हुए ये हमले इस बात का प्रमाण हैं कि यह एक गहरी साजिश के तहत कराया गया है।

उन्होंने कहा कि जीरकपुर में कल हुए हमले के बाद एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई की, लेकिन केवल मोहरों को पकड़ना पर्याप्त नहीं है। पुलिस को इस साजिश के असली किरदारों को बेनकाब करना चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि आखिर किन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से भाजपा कार्यालयों पर हमले करवाए।

पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अधीन काम करने वाली विजिलेंस, जिसकी जिम्मेदारी भ्रष्टाचार रोकने की है, अगर वही भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल हो जाए तो सीबीआई की कार्रवाई जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई का विरोध करने का कोई नैतिक आधार आप नेताओं के पास नहीं है।

उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और इसी कानून के डर से आज “50 नंबर कोठी” को “शीशमहल” बनाने वाले दिल्ली के नेता भी वहां रुकने की बजाय मोहाली के रेस्ट हाउस में रुकने लगे हैं। उन्होंने कहा कि “हर फाइल खुलेगी और सबका हिसाब होगा।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डीआईजी भुल्लर मामले की जांच के दौरान सीबीआई को कई अधिकारियों और दलालों के बारे में जानकारी मिली होगी और एजेंसी कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने फिर से उन अधिकारियों को चेतावनी दी जो कानून और पंजाब के लोगों के प्रति अपनी जवाबदेही भूलकर आप पार्टी के कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार काम करने वाले हर अधिकारी का सम्मान है, लेकिन जो कोई राजनीतिक दल की तरह काम करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।

कांग्रेस पार्टी से जुड़े सवाल के जवाब में सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा सीबीआई कार्रवाई पर सरकार की भाषा बोलने के पीछे उसका अपना डर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के समय जो बस बॉडी घोटाले हुए थे, वही काम अब आप सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस आप के आगे समर्पण कर दे, लेकिन भ्रष्टाचार में चाहे कोई आप का नेता शामिल हो या कांग्रेस का, हर किसी की बारी आएगी।

बॉक्स
सबका होगा हिसाब

विजिलेंस और सीबीआई की रेड को लेकर सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए लिखा कि भ्रष्टाचार में शामिल हर व्यक्ति से कानून निपटेगा। उन्होंने लिखा:

“बीती रात सीबीआई द्वारा पंजाब विजिलेंस दफ्तर पर की गई रेड के बाद अफसर ही नहीं, मंत्रियों और नेताओं में भी भगदड़ मच गई।
अपने आपको बचाने के रास्ते खोजे जाने लगे।
लेकिन भ्रष्टाचारी बचेंगे नहीं —
‘सब पकड़े जाएंगे।’
अब ‘सबका हिसाब’ होने का समय नजदीक आ गया है।”