दिल्ली: कतर के रास लाफ़ान औद्योगिक क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी 12 भारतीय नागरिकों के शव सुरक्षित भारत पहुंचा दिए गए हैं। दोहा में स्थित भारतीय दूतावास ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को बाकी बचे 8 भारतीयों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से भारत भेजे गए जिससे अब तक स्वदेश लाए गए शवों की कुल संख्या 12 हो गई है। इससे पहले गुरुवार को 4 पीड़ितों के शव भारत लाए जा चुके थे। लाफान हादसे में दुर्भाग्य से जान गंवाने वाले 8 भारतीयों के शव 26 जून को भारत लाए गए। 12 शवों में से 4 शव 25 जून को ही भारत लाए जा चुके थे। कतरएनर्जी LNG द्वारा संचालित रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में बरज़ान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में हुए धमाके में 12 भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में एक पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल था। भारतीय मिशन ने शवों को वापस लाने की प्रक्रिया में तेज़ी से मदद करने और पीड़ित परिवारों को सहयोग देने के लिए कतर के अधिकारियों, भारतीय समुदाय के संगठनों और भारत में सरकारी एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। वहीं राजदूत विपुल और दूतावास के अन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को अलखोर का दौरा किया और हादसे के बाद इलाज करा रहे कुछ घायल भारतीयों से मुलाकात की।