चंडीगढ़: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी इंदरप्रीत सिंह पैरी की सेक्टर-26 टिम्बर मार्केट में गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर है। कार सवार तीन हमलावरों ने पैरी पर 10 गोलियां चलाईं, जिनमें से 2 गाड़ी के बोनट पर और 2 शीशे पर और पैरी की छाती पर लगी। इसके बाद मौका मिलते ही हमलावर कार लेकर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ पैरी को PGI ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार पैरी अपने परिवार के साथ सेक्टर-33 में रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही आई.जी. और एस.एस.पी.और दूसरे पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में चंडीगढ़ पुलिस गैंगवार का शक जता रही है। इंदरप्रीत सिंह पेरी लॉरेंस गैंग का भी करीबी है। उसका गोल्डी बराड़, जग्गू भगवानपुरिया और संपत नेहरा से भी संपर्क था। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बंबीहा ग्रुप से काफी समय से दुश्मनी चल रही है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मर्डर और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।