

जालंधर: आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस 26 नवंबर के अवसर पर पार्टी द्वारा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों को और तेज किया जा रहा है। इस संबंध में पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जालंधर शहरी अमृतपाल सिंह ने विश्वास जताया कि पंजाब में 2027 में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, क्योंकि पंजाब की जनता मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार के जनहितैषी कार्यों से संतुष्ट है।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान आम लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। पिछली सरकारों ने वर्षों तक पंजाब की जनता को केवल वादों में उलझाए रखा, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने जनता से किए वादों को धरातल पर पूरा करने के प्रयास किए हैं। हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, नहरी पानी की पहुंच में विस्तार और बुजुर्गों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा जैसी योजनाएं लोगों को बड़ी राहत दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य पंजाब को फिर से खुशहाल और रंगला पंजाब बनाना है।
जिला अध्यक्ष जालंधर शहरी अमृतपाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत पंजाब के आम लोग हैं। पार्टी ने पारंपरिक राजनीति को बदलते हुए आम परिवारों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की उम्मीदों को प्राथमिकता दी है। पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी अपने विकास कार्यों और जनहितैषी नीतियों के आधार पर बड़ी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में पंजाब और पंजाबियों की भलाई के लिए ऐसे अनेक कार्य किए हैं, जो पारंपरिक पार्टियां अपने 75 वर्षों के शासन के दौरान भी नहीं कर सकीं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है, जिसके कारण पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं।
इसके अलावा पंजाब के हर परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की सुविधा, मोहल्ला क्लीनिकों के माध्यम से मुफ्त इलाज और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना जैसी सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
सरकार द्वारा नहरी पानी के उपयोग को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया गया है। पहले जहां केवल 22 प्रतिशत कृषि क्षेत्र तक नहरी पानी पहुंचता था, वहीं अब लगभग 88 प्रतिशत किसानों तक नहरी पानी पहुंचने लगा है।
महिलाओं के सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए मावां-धियां सत्कार योजना के तहत हर महीने 1000/1500 रुपये देने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही पंजाब सरकार द्वारा 18 टोल प्लाजा बंद करवाए गए हैं, जिससे पंजाबियों के प्रतिदिन लगभग 64 लाख रुपये की बचत हो रही है।
युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए सरकार द्वारा खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है तथा राज्य में 3100 खेल स्टेडियम तैयार किए गए हैं।
अंत में मोहिंदर भगत और अमृतपाल सिंह ने कहा कि पंजाब की जनता अब पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम किया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि 2027 में पंजाब की जनता एक बार फिर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर प्रदीप दुग्गल, जिला अध्यक्ष जालंधर देहाती तथा संजीव भगत, मीडिया इंचार्ज जालंधर शहरी भी उपस्थित थे।


