
उत्तर प्रदेश: उन्नाव जिले में मगरवारा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर सीमेंटेड स्लीपर मिलने से अफरा-तफरी मच गई। यह स्लीपर डाउन लाइन पर रखा मिला, जिसकी सूचना तुरंत रेलवे कंट्रोल को दी गई। इसके बाद कानपुर–लखनऊ रेल रूट पर सतर्कता बढ़ा दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही नई दिल्ली से लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस को सुरक्षा कारणों से गंगाघाट स्टेशन पर रोक दिया गया। तेजस एक्सप्रेस रात करीब 8:52 बजे गंगाघाट स्टेशन पहुंची, लेकिन सिग्नल ना मिलने के कारण उसे लूप लाइन पर खड़ा कर दिया गया। करीब 27 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों में भी हल्की चिंता देखने को मिली।सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मगरवारा स्टेशन के पास ट्रैक पर रखे सीमेंटेड स्लीपर को हटाया गया और डाउन लाइन को पूरी तरह क्लियर कराया गया. जांच के बाद रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आशंका है कि गिट्टी उतारने के काम के दौरान स्लीपर ट्रैक पर आ गया हो, हालांकि मामले की जांच की जा रही है।