
फगवाड़ा 11 मार्च (शिव कौड़ा) ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग द्वारा पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित एक सम्मान समारोह ब्लॉक विकास एवं पंचायत अफसर लखविन्द्र कलेर की अगुवाई में स्थानीय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। अपना कारोबार, अपनी पहचान शीर्षक के अन्तर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरनूर सिंह हरजी मान, हल्का इंचार्ज फगवाड़ा उपस्थित हुए जबकि मुख्य वक्ताओं के रूप में गगनदीप सिंह डी.पी.एम., करणवीर कुमार बी.पी.एम., रीता कश्यप बी.पी.एम., साक्षी लद्दड़ एक्टिव वुमन कपूरथला के अलावा गुरदीप सिंह दीपा शामिल हुए। हल्का इंचार्ज हरजी मान ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का लोहा मनवा रही हैं और सरकार द्वारा भी उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं बल्कि प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार से जोडऩे के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मिशन के माध्यम से गांवों की महिलाओं को छोटे-छोटे उद्योगों, हस्तशिल्प और घरेलू कारोबारों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि यदि महिलाएं एकजुट होकर स्वयं सहायता समूहों के रूप में काम करें तो वे न केवल अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधार सकती हैं बल्कि गांवों के सामूहिक विकास में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं। समारोह के दौरान विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के अलावा महिला सरपंचों को उनके शानदार कार्य और सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। इस दौरान मौजूद रहीं महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मिशन से जुडक़र उनकी आय में वृद्धि हुई है और उनमें आत्मविश्वास भी पैदा हुआ है। पी.आर.पी. फगवाड़ा अनुराधा ने बताया कि उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह बनाकर महिलाओं को जोड़ा गया है और वे स्व-रोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार करने के योग्य बनी हैं। अंत में आयोजकों की ओर से सभी गणमान्यों को सम्मानित करते हुए आभार प्रकट किया गया। मंच का संचालन सीमा राणा द्वारा प्रभावसाली ढंग से किया गया। इस अवसर पर जोधा सिंह क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सुल्तानपुर लोधी, मेजर सिंह जी.आर.एस., डिप्टी मेयर विक्की सूद, प्रोफेसर भूपिंदर कौर, रीटा रानी, सोढ़ी सिंह, नेहा ओहरी, वरुनिका बेदी, कुलजीत कौर, सलोनी जैन, प्रीति शर्मा, पार्षद परवीन ठाकुर, कुलवंत कौर सरपंच ढंडोली, सुनीता सरपंच दुग्गा, मलकीत चंद पंचायत सचिव, सुलखण सिंह टी.सी., सुरिंदर कुमार ए.पी.ओ., अजय कुमार ब्लॉक समिति सदस्य खजूरला, अमरिंदर सिंह सैनी, नरेंद्र सिंह सरपंच माधोपुर, रेनु रानी, जसबीर कौर, नीरू, रितिका, कामनी, करीना, प्रदीप कौर, किरण गुरप्रीत कौर, बलवीर ठाकुर, गोपी बेदी के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।