
दिल्ली: आज लगातार दूसरे दिन सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है। MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 487 रुपए की गिरावट के साथ 1,61,302 रुपए पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी की कीमत 1991 रुपए टूटी है , ये 2,66,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर है।राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी की कीमत 4,275 रुपए टूटकर 2.75 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोने की कीमत 900 रुपये बढ़कर 1.65 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 4,275 रुपए, या 1.53 प्रतिशत टूटकर 2,75,000 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जो मंगलवार के बंद भाव 2,79,275 रुपए प्रति किलोग्राम से कम है। हालांकि, सोने की कीमत में बढ़ोतरी हुई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 900 रुपए, या 0.54 प्रतिशत बढ़कर 1,65,600 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 1,64,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। विश्लेषकों ने कहा कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच ‘सुरक्षित-निवेश’ वाली परिसंपत्ति के रूप में सोने की मांग फिर से बढ़ने से सोने की कीमतों को सहारा मिला, जबकि चांदी पर दबाव बना रहा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ”बुधवार को सोने में तेजी का रुख रहा। ईरान संघर्ष में बढ़ते तनाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने के बीच सुरक्षित-निवेश वाली परिसंपत्ति के रूप में सोने की मांग फिर से बढ़ने से इसे सहारा मिला।