दिल्ली: आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय वायदा बाजार से निवेशकों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल और आर्थिक समीकरणों में बदलाव का सीधा प्रहार घरेलू बाजार पर पड़ा है, जिसके चलते सोने और चांदी की कीमतों में ‘महागिरावट’ दर्ज की गई है। सोमवार सुबह जैसे ही बाजार खुला, कीमती धातुओं के ग्राफ लाल निशान के साथ नीचे की ओर गोता लगाने लगे। इस भारी बिकवाली के पीछे मध्य-पूर्व मे जारी भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा बाजार में डॉलर की बढ़ती मजबूती को मुख्य कारण माना जा रहा है।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सोने के भाव में जबरदस्त कमजोरी देखी जा रही है। शुरुआती सत्र में ही सोना 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ ट्रेड करता नजर आया। आंकड़ों की बात करें तो प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत में ₹1,626 की बड़ी कटौती हुई है। इस गिरावट के बाद अब भारतीय बाजार में सोना ₹1,56,840 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। निवेशकों के बीच मची ‘प्रॉफिट बुकिंग’ की होड़ ने कीमतों पर दबाव और बढ़ा दिया है।सोने के मुकाबले चांदी की हालत और भी नाजुक नजर आ रही है। औद्योगिक मांग में कमी की आशंका और वैश्विक संकेतों के चलते चांदी के दाम औंधे मुंह गिरे हैं। आज चांदी के भाव में 1.56 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे इसकी कीमतों में ₹4,000 प्रति किलोग्राम से ज्यादा की सेंध लग गई है। वर्तमान में चांदी गिरकर ₹2,55,394 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है।