
इंदौर: इंदौर के एक घर से उठी चीखों ने सन्नाटे को तोड़ दिया। कुछ ही पलों में एक शांत घर भयावह हादसे का केंद्र बन गया। एक इलेक्ट्रिक कार, जो घर के बाहर चार्ज हो रही थी, अचानक आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते यह आग पूरे मकान में फैल गई। इस दर्दनाक घटना में आठ लोगों की जान चली गई।यह घटना इंदौर के तिलक नगर इलाके की है। यहां एक परिवार के घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार रातभर चार्जिंग पर लगी हुई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तड़के करीब चार बजे चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसी के बाद कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने पास खड़े घर को अपनी चपेट में ले लिया। धीरे-धीरे यह आग तीन मंजिला मकान में फैल गई और हालात बेकाबू हो गए।बताया जा रहा है कि घर के अंदर कई एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे। जब आग अंदर तक पहुंची, तो एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने लगे। कम से कम चार बड़े धमाकों की आवाज पूरे इलाके में सुनी गई। इन धमाकों से मकान के कुछ हिस्से भी ढह गए। इस वजह से घर के अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना लगभग नामुमकिन हो गया।