
लुधियाना, 15 अप्रैल:
उत्तरीय रेलवे मज़दूर यूनियन (यूआरएमयू) ने केंद्र सरकार और रेलवे विभाग प्रशासन की नितियों को मजदूर विरोधी करार देते हुए बुधवार को एडीईएन कार्यालय में समक्ष ज़ोरदार विरोध व धरना प्रदर्शन किया। डीज़ल ब्रांच के ब्रांच सचिव अजीत सिंह ने प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए बताया कि रेलवे विभाग ने सिग्नल एंड टेलिकॉम विभाग के एक कर्मचारी को आवास आवंटित किया था, लेकिन उक्त कर्मचारी जब अपने आवंटित आवास में पहुंचा तो वहां सुनील बजाज नामक कर्मचारी पहले से काबिज था।
इस मामले की सूचना एडीईएन लुधियाना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन आवास आवंटन को 40 दिन से ज्यादा बीतने के बावजूद रेल प्रशासन ने अभी तक आवास को खाली नहीं करवाया।
उत्तरीय रेलवे मज़दूर यूनियन (यूआरएमयू) की डीजल ब्रांच के अध्यक्ष प्रदीप कुमार तिवारी ने कहा कि जब तक रेल प्रशासन कर्मचारी को इन्साफ नहीं देगा और आवंटित आवास को कब्जा मुक्त नहीं करवाएगा, तब तक एडीईएन लुधियाना के खिलाफ धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष फिरोज़ आलम, मंडल उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह, सहायक मंडल सचिव पंकज मोहन शर्मा, राज किशोर, रजत कुमार, प्रदीप, अमनदीप, हेमराज मीणा, सुखचैन सिंह, शुभ कुमार, भूषण शर्मा, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, कुलदीप सिंह, कुंदन कुमार और सुभाष कुमार सहित लुधियाना की सभी ब्रांचों के पदाधिकारियों व सैंकड़ों की संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।