दिल्ली: फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद जाने वाली लुफ्थांसा एयरलाइन की एक उड़ान को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी उस समय सामने आई जब विमान की यात्रा से जुड़ी सुरक्षा प्रक्रियाएं चल रही थीं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन के कस्टमर सपोर्ट को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि उड़ान LH-754 में बम लगाया गया है और विमान के शमशाबाद पहुंचने से पहले ही उसे उड़ा दिया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया और आपातकालीन प्रोटोकॉल शुरू किए गए। उड़ान सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर उतर गई, जिसके बाद विमान को विस्तृत सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया।बम निरोधक टीमों और हवाई अड्डे के सुरक्षा कर्मियों ने विमान की गहन जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच जारी है और अभी तक किसी तत्काल खतरे की पुष्टि नहीं हुई है।