
दिल्ली: पेट्रोल और डीज़ल के बाद अब CNG के दाम भी बढ़ गए हैं। दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस की कीमत ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई है। पहले CNG की कीमत ₹77.09 प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर ₹79.09 प्रति किलो हो गई है।यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में भी CNG के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ाए थे। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और होर्मुज़ क्षेत्र में सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के कारण गैस की कीमतों पर असर पड़ा है। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है।बता दें कि शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। नई दरें तुरंत पूरे देश में लागू कर दी गईं। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹3.14 प्रति लीटर बढ़कर ₹97.77 हो गई, जबकि डीजल ₹3.11 प्रति लीटर महंगा होकर नई दरों पर पहुंच गया।