
जालंधर/
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी एस.सी. विभाग के वाइस चेयरमैन अश्वनी जंगराल ने जालंधर वेस्ट में बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इलाके में अपराधियों और नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं, जबकि आम जनता भय के साये में जीने को मजबूर हो चुकी है।
जंगराल ने आरोप लगाया कि इलाके के कई हिस्सों में खुलेआम नशा बिकने की चर्चाएं आम हैं, जबकि चोरी, लूटपाट और झगड़े जैसी घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खासकर स्लम एरिया और संवेदनशील इलाकों में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। शाम ढलते ही लोगों में डर का माहौल बन जाता है और महिलाएं व बुजुर्ग घरों से निकलने में असहज महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार कानून व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग नजर आ रही है। जालंधर वेस्ट के विधायक पंजाब सरकार में मंत्री होने के बावजूद इलाके में अपराध और नशे पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं।
अश्वनी जंगराल ने कहा कि नशा माफिया और असामाजिक तत्व बेखौफ होकर सक्रिय हैं, जिससे युवाओं का भविष्य लगातार खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद इस गोरखधंधे में लिप्त अधिकारियों, नशा तस्करों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत कर लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा।