
जालंधर: शहर के मिट्ठू बस्ती इलाके में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बस्ती बावा खेल के अधीन आते राजा गार्डन स्थित एक खाली प्लॉट में गुटका साहिब के पवित्र अंग बिखरे मिलने से सिख संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। गुस्साए सिख संगठनों ने कपूरथला चौक जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को शाम 4 बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस, एसीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्लॉट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बेअदबी करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। मौके पर पहुंचे बघेर सिंह ने बताया कि वह कीर्तन दरबार में मौजूद थे, तभी उन्हें फोन पर सूचना मिली कि खाली प्लॉट में गुटका साहिब के पवित्र अंग बिखरे पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और श्रद्धा के साथ पवित्र अंगों को झोली में इकट्ठा किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।