
नकोदर । नीमा फीमेल फोरम पंजाब एवं नीमा नकोदर द्वारा के.आर.एम. डीएवी कॉलेज, नकोदर में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, विद्यार्थियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिमरनजीत सिंह (पीसीएस), एसडीएम नकोदर तथा नीमा महिला मंच की सदस्यों द्वारा भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सिमरनजीत सिंह ने अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के शुभारंभ पर नीमा फीमेल फोरम पंजाब एवं नीमा नकोदर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
के.आर.एम. डीएवी कॉलेज, नकोदर के प्रिंसिपल डॉ. साहिल कुमार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।
नीमा फीमेल फोरम पंजाब की अध्यक्ष डॉ. वीना गुम्बर ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। वर्तमान भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवन में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को योग अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है।
वहीं महासचिव डॉ. रीना कक्कड़ ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच का विकास करता है। उन्होंने युवाओं एवं बच्चों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. ए.एस. चीमा (अध्यक्ष, नीमा नकोदर), डॉ. सुनीता भल्ला (अध्यक्ष, नीमा फीमेल फोरम नकोदर), डॉ. आर.पी.एस. चावला (सचिव), डॉ. गौरव क्लेर (कोषाध्यक्ष), डॉ. साहिल टंडन, डॉ. रीना मल्होत्रा, डॉ. मीनल तथा डॉ. नवप्रीत सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
योग आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का आधार है तथा स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।