चीन के विदेश मंत्री वांग यी 22-23 जून को भारत की यात्रा करेंगे और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के निमंत्रण पर ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के उच्च प्रतिनिधियों की सोलहवीं बैठक में भाग लेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि वांग भारत की मेजबानी में आयोजित इस उच्चस्तरीय सुरक्षा संवाद में शामिल होंगे। भारत 2026 में ‘नवाचार, सहयोग और सतत विकास के निर्माण’ विषय के साथ ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। बैठक में रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के भी शामिल होने की संभावना है। इस बैठक में सदस्य देशों के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी वैश्विक और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। ब्रिक्स एनएसए बैठक ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने युद्धविराम को 60 दिन और बढ़ाने तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने एवं ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता शुरू करने के लिए प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। यह यात्रा मई में नई दिल्ली में हुई ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद हो रही है, जिसमें राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई थी। मंत्रियों ने बहुपक्षवाद, संयुक्त राष्ट्र केंद्रित व्यवस्था और वैश्विक शासन सुधारों के प्रति समर्थन दोहराया था। ईरान युद्ध को लेकर सदस्य देशों के बीच मतभेदों के बावजूद दो दिन की चर्चा के बाद संयुक्त वक्तव्य भी जारी किया गया था।