जालंधर, 23 जून। भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉस्पिटल में भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे’ के उद्घोषक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक देशवासी के हृदय में सदैव राष्ट्रवाद की लौ प्रज्वलित करता रहेगा।

प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली विचारधारा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में एक विधान, एक प्रधान और एक निशान की स्थापना के लिए किया गया उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और दृढ़ संकल्प का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार के भेदभाव और अलगाववाद का विरोध किया। आज प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है कि वह उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।

जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 का हटना डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। भाजपा कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिला सचिव अमित भाटिया, कर्मजीत कौर चौधरी, जगबीर बराड़, पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी, सुभाष सूद, रमेश शर्मा दीवान, अमित अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार आर.के.,मनीष बल, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की, राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी, जिला उपाध्यक्ष अश्विनी भंडारी, योगेश मल्होत्रा,अशोक चढा,प्रमोद कश्यप, सुनील चोपड़ा,दिनेश मोहिंदरू, अजय जोशी, गुरप्रीत विक्की, तरुण छबड़ा,अजय भारद्वाज, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।