
जालंधर, 29 जून : पंजाब के बागबानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि सतिगुरु कबीर महाराज जी का सामाजिक सद्भावना, समानता और भाईचारे का संदेश हमेशा मानवता को प्रेरित करता रहेगा।
सतिगुरु कबीर महाराज जी के 628वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा सतिगुरु कबीर मुख्य मंदिर, भार्गव नगर में आयोजित राज्य स्तरीय समागम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सतिगुरु कबीर जी ने अपना पूरा जीवन सामाजिक बुराइयों को मिटाने और सत्य, दया, विश्व भाईचारे तथा शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के आदर्शों को फैलाने के लिए समर्पित कर दिया।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भी मौजूद थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सतिगुरु कबीर महाराज जी की पवित्र बाणी, जो श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज है, लोगों को जाति, नस्ल और धर्म की विभाजनकारी दीवारों से ऊपर उठने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज को सांप्रदायिक सद्भावना को मजबूत करने और एक समावेशी सामाजिक व्यवस्था बनाने के लिए सतिगुरु कबीर जी के समानता और आपसी सम्मान के दर्शन को अपनाना चाहिए।
श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महान गुरुओं और संतों के आदर्शों को सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और समाज के हर वर्ग की भलाई पर केंद्रित नीतियों के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि कमजोर वर्गों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए कई भलाई पहल शुरू की गई हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने मंदिर के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पंजाब सरकार द्वारा 40 लाख रुपये की ग्रांट देने का ऐलान किया। इस निर्माण कार्य का अनुमान पहले ही अधिकारियों द्वारा तैयार किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि इस शुभ कार्य के लिए फंड् की कोई कमी नहीं है और जब भी कमेटी को जरूरत होगी, और फंड भी जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 50 लाख रुपये के अतिरिक्त फंड की मांग पहले ही मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के सामने रखी जा चुकी है और आने वाले दिनों में यह फंड भी जारी कर दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी ऐलान किया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा कबीर पंथी भलाई बोर्ड के गठन को मंजूरी दे दी गई है, जिससे भाईचारे की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है और यह बोर्ड पूरे भाईचारे की भलाई और तरक्की के लिए काम करेगा।
इस दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक कलेर कंठ और अन्य कलाकारों ने सतिगुरु कबीर महाराज जी की स्तुति में भक्ति भावना से भरपूर प्रोग्राम प्रस्तुत किया।
इस मौके पर पंजाब गौ सेवा कमीशन के वाइस चेयरमैन कीमती भगत, एसडीएम शायरी मल्होत्रा, आचार्य जगदीश दास, पाठी राम लाल, पार्षद राजीव टिक्का, पार्षद नरेश भगत, सतिगुरु कबीर सभा भार्गव नगर के चेयरमैन सतीश भगत बिल्ला, प्रधान राकेश कुमार भगत, उपाध्यक्ष रवि कुमार, कोषाध्यक्ष दुष्यंत भगत और जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह आदि भी उपस्थित थे।
इससे पहले दिन में कैबिनेट मंत्री ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ मिलकर इस पवित्र अवसर पर केक भी काटा।