चंडीगढ़, 30 जून

पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पंजाब के विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

इस मुलाकात के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर गडकरी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा भारतमाला परियोजना के तहत देशभर में आधुनिक हाईवे और एक्सप्रेसवे का विशाल नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसके तहत जामनगर–अमृतसर आर्थिक कॉरिडोर भी बनाया जा रहा है, जो पंजाब को राजस्थान और गुजरात के बड़े व्यापारिक केंद्रों से जोड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि उद्योग, व्यापार, रोजगार और आर्थिक विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा, जिसका पंजाब को भी भरपूर लाभ प्राप्त होगा।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में सभी सड़क परियोजनाएं केंद्रीय फंड से बन रही हैं, जो केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता का परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार स्वयं कोई बड़ा विकास कार्य करने के बजाय केवल विज्ञापनबाजी के जरिए श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब में 2027 में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने पर इस विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा तथा राज्य को बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े परियोजनाओं का लाभ मिलेगा।