
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘उड़ान’ योजना के अगले चरण की शुरुआत की। राजस्थान के दौरे पर पहुंचे मोदी ने जोधपुर हवाई अड्डे पर रिमोट का बटन दबाकर नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया।अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को कुल 480 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह नया टर्मिनल भवन प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है।यह आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित है ताकि यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके। राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित वास्तुकला के आधार पर निर्मित यह टर्मिनल मेहराब और झरोखों जैसे पारंपरिक तत्वों को समकालीन डिजाइन के साथ खूबसूरती से समाहित करता है। ऊर्जा-कुशल प्रणालियों, जल संरक्षण उपायों और हरित भवन निर्माण पद्धतियों जैसी विशेषताओं के साथ, सतत विकास टर्मिनल के डिजाइन का अभिन्न अंग रहा है, जिसका उद्देश्य ‘फाइव-स्टार जीआरआईएचए’ रेटिंग प्राप्त करना है।