नई दिल्ली: ऑनलाइन पायरेसी और अवैध कंटेंट शेयरिंग पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम को एक कड़ा नोटिस जारी किया है। मंत्रालय ने टेलीग्राम को अपने प्लेटफॉर्म पर हो रही ऑनलाइन पायरेसी पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया है।टेलीग्राम पर धड़ल्ले से शेयर की जा रही पायरेटेड फिल्मों, प्रीमियम टीवी चैनलों और ओटीटी कंटेंट की उपलब्धता को लेकर सरकार ने गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। सरकार ने टेलीग्राम प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट सौंपने को कहा है। इस रिपोर्ट में टेलीग्राम को बताना होगा कि उसने पायरेसी रोकने के लिए क्या कदम उठाए हैं। अगर टेलीग्राम तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक कदम नहीं उठाता है, तो आने वाले दिनों में कंपनी के खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।