
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में आज भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा निकाली जा रही है। अहमदाबाद के जामालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला आरती हुई, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ शामिल हुए।सुबह 7 बजे भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा का रथ निकाला गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोने की झाड़ू से सड़क साफ की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जामालपुर से ट्रकों में अलग-अलग झांकियां निकली गईं।वहीं, ओडिशा के पुरी में सुबह 9 बजे भगवान को रथों पर विराजमान कराया जाएगा। इसके बाद गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव सोने की झाड़ू से रथ के आगे सफाई करेंगे।