
मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में आज सुबह-सुबह एक भीषण रेल हादसा हो गया। यहां स्कूल वाहन को यात्री ट्रेन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल अंतर्गत मुर्शिदाबाद के बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित लेवल क्रासिंग पर हुआ है। दरअसल, एक निजी स्कूल का वाहन छात्रों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान रेल गेट खुला रहने के कारण वह लेवल क्रासिंग पार करने लगा और सामने से आ रही निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि वाहन में चालक समेत आठ लोग सवार थे।