
मणिपुर: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अलग-अलग उग्रवादी संगठनों के सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए उग्रवादियों में से एक मोइरांग पेट्रोल पंप बम विस्फोट में शामिल था जबकि दूसरा उग्रवादी संगठन का तथाकथित ‘फाइनेंस चीफ’ बताया जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों सफल अभियानों की विस्तृत जानकारी साझा की।पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लुप के एक सक्रिय सदस्य को बृहस्पतिवार को बिष्णुपुर जिले की तेरा उरक जांच चौकी से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान 39 वर्षीय मयांगलंबम तोंबा सिंह के रूप में हुई है। वह चुराचांदपुर जिले के बिजांग खुनौ का निवासी है और फिलहाल फुबाला राहत शिविर में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पास से मैगजीन सहित नौ मिलीमीटर की एक पिस्तौल और अलग-अलग बोर के 11 कारतूस बरामद किए गए। सिंह इस वर्ष की शुरुआत में मोइरांग के एक पेट्रोल पंप पर हुए विस्फोट में कथित तौर पर शामिल था। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।