एपीजे स्कूल महावीर मार्ग में सुश्री सुषमा पॉल बर्लिया (चेयरपर्सन, एपीजे एजुकेशन, को फाउंडर एंड चांसलर, एपीजे सत्य यूनिवर्सिटी, चेयरपर्सन एंड प्रेसिडेंट, एपीजे सत्य और स्वर्ण ग्रुप, चेयरपर्सन-एपीजे सत्य एजुकेशन रिसर्च फाऊंडेशन) के सकारात्मक नेतृत्व तथा आशीर्वाद से 1 अगस्त 2026 को एपीजे सत्य मॉडल यूनाइटेड नेशंस 7.0 (ASMUN 7.0) का भव्य उद्घाटन समारोह विद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों के गर्मजोशी से स्वागत तथा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सतिंदर सिंह (आई.पी.एस., पुलिस आयुक्त, जालंधर) उपस्थित रहे। समारोह में श्रीमती सुचारिता शर्मा (निदेशक, एपीजे स्कूल्स एवं प्रो वाइस चांसलर, सुहाना), श्री निर्मल महाजन (सदस्य, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स), डॉ. राजेश बग्गा (निदेशक, ए.आई.एम.टी.ई.सी.), डॉ. नीरजा ढींगरा (प्रिंसिपल, एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स), श्री यशपाल शर्मा (प्रिंसिपल, एपीजे स्कूल महावीर मार्ग), श्रीमती आरती शोरी भट् (वाइस प्रिंसियल), श्री राजेश चंडेल (प्रिंसिपल, एपीजे स्कूल मॉडल टाउन), श्री ए.के. शर्मा (प्रधानाचार्य, एपीजे स्कूल रामा मंडी), श्री भूपिंदर कटारिया (सीनियर मैनेजर, ऑपरेशंस, एपीजे एजुकेशन), हिमांशु आलंग (सचिव, ASMUN) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत सभी विशिष्ट अतिथियों ने भी दीप प्रज्वलित कर ज्ञान, शांति और प्रगति का संदेश दिया। मुख्य अतिथि को स्मृति-स्वरूप पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से भगवान गणेश की वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
अपने स्वागत संबोधन में विद्यालय के प्रिंसिपल श्री यशपाल शर्मा ने बताया कि एपीजे स्कूल में मॉडल यूनाइटेड नेशंस (ASMUN) की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी। उन्होंने कहा कि MUN विद्यार्थियों को तार्किक, प्रभावशाली और आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत करना सिखाता है। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में पूरी टीम के अथक परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सार्थक एवं तथ्यपूर्ण तर्कों के माध्यम से अपनी सोच को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्रीमती नेहा बर्लिया प्रो चांसलर, एपीजे सत्या विश्वविद्यालय एवं स्वर्ण समूह का प्रेरणादायक वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि आज विश्व को ऐसे नेतृत्वकर्ताओं की आवश्यकता है, जिनमें संवेदनशीलता, साहस और सच्चे नेतृत्व के गुण विद्यमान हों। उन्होंने प्रधानाचार्य श्री यशपाल शर्मा, समस्त शिक्षकों, ASMUN टीम तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज का युवा ही भविष्य के विश्व का निर्माता है।
समारोह के दौरान ‘उगे हम धरा में’ की मनमोहक प्रस्तुति के साथ आयोजित परेड ऑफ द नेशंस (फ्लैग मार्च) ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान लुड्डी ने पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, उल्लास, एकता और भाईचारे की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि श्री सतिंदर सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि एक विद्यार्थी के लिए उसके माता-पिता और शिक्षक ही उसके सबसे सच्चे मित्र होते हैं, इसलिए उनकी बातों को सदैव गंभीरता से सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि MUN जैसे मंच विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और समाज में रचनात्मक परिवर्तन लाने का दृष्टिकोण विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बिगनिंग ऑफ न्यू एरा शीर्षक से एक प्रभावशाली उद्घाटन वीडियो भी प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत एक्जीक्यूटिव बोर्ड (EB) का परिचय कराया गया तथा गैवल प्रेजेंटेशन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सम्मेलन के सचिव जनरल हिमांशु आलंग ने औपचारिक रूप से ASMUN 7.0 के शुभारंभ की घोषणा की। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन सत्र का सफल समापन हुआ।
यह भव्य उद्घाटन समारोह ASMUN 7.0 की एक प्रेरणादायक एवं यादगार शुरुआत सिद्ध हुआ, जिसने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श, नेतृत्व कौशल के विकास तथा वैश्विक दृष्टिकोण को सशक्त बनाने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान किया।