मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अलविरा खान अग्निहोत्री और स्टाइल एंड कंटेंट ज्वैलरी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टरों को चंडीगढ़ की एक जिला अदालत ने समन जारी किया है। यह मामला ‘बीइंग ह्यूमन’ ज्वैलरी शोरूम से जुड़े कथित धोखाधड़ी के आरोपों का है। अदालत ने सभी आरोपियों को 5 अक्टूबर को पेश होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।यह शिकायत चंडीगढ़ के कारोबारी अरुण गुप्ता ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उन्हें बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाकर मनीमाजरा में ‘बीइंग ह्यूमन’ ज्वैलरी शोरूम खोलने के लिए तैयार किया गया। इसके लिए उन्होंने करीब 3 करोड़ रुपये का निवेश किया। शिकायत के मुताबिक, गुप्ता ने कंपनी के साथ एग्रीमेंट करने के बाद शोरूम तैयार करने में ही करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए।गुप्ता का आरोप है कि फरवरी 2020 से ज्वैलरी सप्लाई करने वाला स्टोर बंद हो गया, जिससे सामान की आपूर्ति रुक गई और कारोबार को भारी नुकसान हुआ। उनका कहना है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने गलत जानकारी देकर उन्हें निवेश करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कंपनी पहले ही इन आरोपों से इनकार कर चुकी है। कंपनी का कहना है कि 2018 के एग्रीमेंट में सलमान खान की कोई सीधी भूमिका नहीं थी।