बौरी मेमोरियल एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट द्वारा संचालित एवं प्रबंधित ‘दिशा- एन इनीशिएटिव के अंतर्गत इन्नोसेंट हार्ट्स स्कूल, ग्रीन मॉडल टाउन में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के एंटरप्रेन्योरशिप क्लब के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम कैटलिस्ट श्री चरण कमल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमशील सोच विकसित करने तथा अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस संवादात्मक सत्र के दौरान श्री चरण कमल ने उद्यमिता के 3 ABC—’A’ अर्थात एटीट्यूड दृष्टिकोण), ‘B’ अर्थात बिलीवर (स्वयं पर विश्वास) तथा ‘C’ अर्थात कमिटमेंट (प्रतिबद्धता)—से विद्यार्थियों का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि ये तीनों गुण प्रत्येक सफल उद्यमी की सफलता की आधारशिला हैं।
उन्होंने छात्रों को यह समझाने के लिए कि कैसे साधारण विचारों से भी व्यावसायिक अवसर उत्पन्न हो सकते हैं, एक इनोवेटिव कॉफी स्टार्ट-अप विचार भी साझा किया।
सफलता की वास्तविक परिभाषा बताते हुए उन्होंने कहा कि वास्तव में सफल वही व्यक्ति है जो प्रसन्न, स्वस्थ, सार्थक संबंधों से समृद्ध तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमशील व्यक्ति का मन सदैव सकारात्मक विचारों से परिपूर्ण होता है और वह जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखता है।
अपने प्रेरणादायक जीवन प्रसंगों एवं वास्तविक अनुभवों के माध्यम से श्री चरण कमल ने विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना का संचार किया तथा उन्हें रचनात्मक, नवाचारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एंटरप्रेन्योरशिप क्लब के प्रतिनिधियों एवं एंबेसडरों द्वारा किया गया।
अंत में विद्यालय के प्रिंसिपल। श्री राजीव पालीवाल, वाइस प्रिंसिपल श्री अमित, प्रो. राहुल जैन ( डिप्टी डायरेक्टर, स्कूल्स एवं कॉलेजेज) तथा एचओडी इंग्लिश एवं एक्टिविटी इंचार्ज श्रीमती अंबिका पसरीजा ने मुख्यातिथि श्री चरण कमल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
यह संगोष्ठी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक सिद्ध हुई।