

नई दिल्ली : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह जो दो महिला अनुयायियों के साथ दुष्कर्म के मामले में 20 साल की जेल की सज़ा काट रहे हैं उन्हें एक बार फिर 21 दिन की फरलो मिल गई है। बता दें कि हरियाणा की रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को जेल से बाहर निकलने और सिरसा में डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय जाने की इजाज़त दी गई है। जेल से रिहा होने के बाद उनके सिरसा डेरा पहुंचने की उम्मीद है।जेल में बंद डेरा प्रमुख की यह एक और अस्थायी रिहाई है। मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें अब तक 17 बार जेल से रिहा किया जा चुका है जिसमें हाल ही में मिली 21 दिन की फरलो भी शामिल है। इससे पहले, राम रहीम को उत्तर प्रदेश के बागपत में डेरा के बरनावा आश्रम भेजा गया था। हाल के समय में उन्हें सिरसा मुख्यालय में रहने की ज़्यादा इजाज़त दी जा रही है और यह वहां उनका लगातार तीसरा दौरा है।जानकारी के मुताबिक राम रहीम को 2017 में सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में दो महिला अनुयायियों के साथ रेप के मामले में एक विशेष CBI अदालत ने दोषी ठहराया था। अदालत ने उन्हें रेप के दोनों मामलों में से हर एक के लिए 10-10 साल की सज़ा सुनाई थी, और ये सजाएं एक के बाद एक चलनी थीं यानी पहली सज़ा पूरी होने के बाद दूसरी सज़ा शुरू होनी थी।



