

जालंधर के बस्ती पीर दाद रोड स्थित मोदी मैट्रेस फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री से उठ रही आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दियाजानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान फैक्ट्री परिसर में ब्लास्ट जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। फैक्ट्री में मौजूद सामान के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



