

दिल्ली: बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह करने तथा अन्य मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के तत्वावधान में बैंककर्मियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल टल गई है। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के सात अलग-अलग संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले यूएफबीयू की रविवार रात बैंकों के संगठन इंडियन बैंक्स एसोसिएश के साथ हुई बैठक में ‘बनी सहमति’ के बाद हड़ताल टालने का फैसला किया गया।यह बैठक रात 9.30 बजे हुई थी। यूएफबीयू ने देर रात अपने सदस्य संगठनों को जारी सकुर्लर में बताया कि बैठक विस्तृत विचार-विमर्श के बाद यह तय किया गया कि ‘बाकी शनिवार’ को भी अवकाश घोषित करने पर मंथन के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक संयुक्त उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी, सभी हितधारकों से बात करेगी और सभी हितधारकों, विशेषकर ग्राहकों, को स्वीकार्य समाधान पर पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि बैंकों में अभी रविवार के साप्ताहिक अवकाश के अलावा हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश होता है। बैंककर्मी हर शनिवार और रविवार को अवकाश की मांग कर रहे हैं।स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना में संशोधन की मांग के बारे में तय हुआ कि आईबीए इस पर सरकार के समक्ष अपने सुझाव रखेगा। इसके लिए आईबीए के साथ फोरम और सदस्य संगठनों की चर्चा शुरू हो सकती है। अन्य मुद्दों पर विचार के लिए भी बैठक में सहमति बन गई है। यूएफबीयू ने इन्हीं मांगों को लेकर इससे पहले 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल की थी। हड़ताल काफी सफल रही थी। सार्वजनिक बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था जबकि निजी बैंकों में कम असर देखने को मिला था।



