

दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक ने अनूप कुमार साहा को कोटक महिंद्रा बैंक का मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किए जाने को मंजूरी दे दी है। उनका तीन साल का कार्यकाल 1 जनवरी 2027 से शुरू होगा।कोटक महिंद्रा बैंक ने गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी। बैंक के मुताबिक, नियुक्ति को औपचारिक रूप देने के लिए बोर्ड आगे की जरूरी प्रक्रिया पूरी करेगा और सदस्यों की मंजूरी ली जाएगी।अनूप कुमार साहा फिलहाल कोटक महिंद्रा बैंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर हैं। वह जनवरी 2026 में बैंक से जुड़े थे और मार्च 2026 से कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।अपनी मौजूदा भूमिका में साहा रिटेल बैंकिंग, सरकारी कारोबार, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग समेत कई प्रमुख क्षेत्रों की देखरेख कर रहे हैं। साहा के पास 32 साल से अधिक का पेशेवर अनुभव है। इसमें बैंकिंग और गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थानों सहित वित्तीय सेवा क्षेत्र में 25 साल से ज्यादा का अनुभव शामिल है।



