SliderUncategorizedपंजाब

कैंबिनेट मंत्री, मेयर और डिप्टी कमिश्नर ने नई दाना मंडी, जालंधर में धान की खरीद करवाई शुरू

जालंधर, 01 अक्तूबर

पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर विनीत धीर और डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज नई दाना मंडी, जालंधर में धान की खरीद प्रक्रिया की शुरुआत करवाई। उन्होंने विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा के लिए पूरी खरीद प्रक्रिया को निर्विघ्न और उचित ढंग से पूरा किया जाए।

इस अवसर पर अधिक जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि इस सीजन के दौरान जिले के 79 खरीद केंद्रों में 10.84 लाख मीट्रिक टन धान आने की संभावना है और किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए पहले ही पुख्ता प्रबंध किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी गई फसल की लिफ्टिंग और समय पर अदायगी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार किसानों द्वारा लाई गई फसल को निर्धारित समय में खरीदने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस साल सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये निर्धारित किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारियों द्वारा पीने का साफ पानी, सफाई, तरपालें, बारदाना आदि के पहले ही पुख्ता प्रबंध किए जा चुके है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की खरीदी फसल की लिफ्टिंग और समय पर अदायगी में कोई कसर बाकी न छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में जरूरत के अनुसार बारदाना उपलब्ध है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, मेयर और डिप्टी कमिश्नर ने मौजूद किसानों से बातचीत करके अधिकारियों द्वारा मंडियों में किए गए प्रबंधों के बारे में जानकारी भी ली गई। उन्होंने कहा कि लेबर और ढुलाई संबंधी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जिनके द्वारा सुचारू ढंग से लिफ्टिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी खरीद प्रक्रिया को सुचारू ढंग से पूरा किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि मंडियों में सूखी फसल लाई जाए क्योंकि नमी की सीमा 17 प्रतिशत है। उन्होंने यह भी कहा कि रात के समय फसल की कटाई न की जाए।

स्थानीय किसान कुलदीप सिंह ने कहा कि मंडी में आते ही तुरंत उनकी सारी फसल खरीद ली गई। उन्होंने सरकार द्वारा किए गए वादे के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा किए गए सुचारू प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने आगे बताया कि मार्किट कमेटी द्वारा पीने के पानी, बैठने के लिए कुर्सियां आदि के सुचारू प्रबंध किए गए है।

इस अवसर पर हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा, एस.डी.एम. शायरी मल्होत्रा, डी.एफ.एस.सी. हरशरन सिंह, डी.एम.ओ. अरविंदर सिंह साही के अलावा आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button