

चंडीगढ़, 5 अक्टूबर ( ):भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने पंजाब में सामने आ रही गोलीबारी, फिरौती और झपटमारी की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए भगवंत मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि अमृतसर में ड्यूटी से घर लौट रहे जीआरपी के एएसआई सुखचैन सिंह पर मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों द्वारा गोली चलाने की घटना ने पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्री गोइंदवाल साहिब के एक व्यापारी से 1 करोड़ रुपये की कथित फिरौती मांगने और इनकार करने के बाद उसके घर के बाहर गोलीबारी का मामला भी बेहद गंभीर है। इसके अलावा, खरड़ क्षेत्र में महिला से झपटमारी की घटनाएं भी लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती हैं।
खन्ना ने कहा कि “पंजाब में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि ड्यूटी से घर लौट रहा पुलिस कर्मचारी भी हमलावरों के निशाने पर आ रहा है। फिरौती मांगने वाले बेखौफ होकर घरों के बाहर गोलियां चला रहे हैं और आम लोगों के साथ झपटमारी एवं हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। यह स्थिति सरकार की कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।”
खन्ना ने ‘आप’ सरकार से पूछा कि पंजाब के लोगों को सुरक्षित माहौल देने की सरकार की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा? उन्होंने मांग की कि सरकार इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच करवाए, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करे और पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित करे।
खन्ना ने कहा कि “पंजाब के लोग सरकार से बयान नहीं, सुरक्षा और नतीजे मांग रहे हैं। ‘आप’ सरकार को बताना होगा कि कानून-व्यवस्था को लेकर उसकी वास्तविक कार्रवाई क्या है और आम नागरिक कब अपने आप को सुरक्षित महसूस करेगा।



