

जालंधर, 12 अक्टूबर: जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने सोमवार को 93 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों के नींव पत्थर रखे।
इन परियोजनाओं के तहत तीन कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही सफाई एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी। परियोजनाओं के अंतर्गत थिंद एन्क्लेव में 44.23 लाख रुपये, करण एन्क्लेव में 38.39 लाख रुपये तथा ग्रीन वैली में 10.39 लाख रुपये की लागत से सीवरेज संबंधी कार्य करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार राज्यभर में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।
मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘रंगला पंजाब’ के विजन के तहत लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिदिन नए विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इन सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो और स्थानीय निवासियों को लंबे समय तक राहत मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के निर्धारित मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय निवासियों ने सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक बनाने की अपनी प्रमुख मांग पूरी होने पर मंत्री मोहिंदर भगत का आभार व्यक्त किया।



