

दिल्ली: विदेशी पूंजी के निरंतर प्रवाह और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 405.92 अंक चढ़कर 82,510.71 अंक पर और एनएसई निफ्टी 106.40 अंक की बढ़त के साथ 25,397.50 अंक पर कारोबार कर रहा है।सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सबसे अधिक तेजी में रहे। वहीं, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयर में गिरावट रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कम्पोजिट में 2.49 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 1.92 प्रतिशत और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।



