

पठानकोट: पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक लड़की और तीन महिलाओं समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, एक अर्टिगा कार में सवार परिवार श्री कीरतपुर साहिब में अपने परिजन की अस्थियां जल प्रवाहित करने के बाद जम्मू लौट रहा था। जब उनकी कार माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के पास पहुंची तो सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही आई-20 कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व सड़क सुरक्षा बल को सूचित किया। मौके पर पहुंची SSF की टीम ने राहगीरों की मदद से घायलों को कारों से बाहर निकाला और तुरंत सुजानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।



