Sliderपंजाब

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रोक का मामला राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग पहुंचा

चंडीगढ़: 27/11/2026

तमिलनाडु में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने की अनुमति न देने तथा बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने के सामाजिक कार्य में बाधा डालने के गंभीर मामले में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, भारत सरकार ने कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) को नोटिस जारी किया है।

भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह उभ्भा द्वारा इस मामले को लेकर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई गई थी। उभ्भा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आयोग ने 27 नवंबर 2026 को पत्र संख्या S/PB/106/00071/2026 के माध्यम से तमिलनाडु के DGP को मामले की जांच कर जल्द तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग द्वारा शिकायत की प्रति तमिलनाडु पुलिस प्रमुख को भेजकर मामले को गंभीरता से देखने तथा आयोग के विचारार्थ रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं और आस्था से जुड़ा हुआ है। गुरु साहिब का प्रकाश पर्व मनाने से रोकना और बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने जैसे नेक कार्य में बाधा डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाना और बच्चों को मुफ्त शिक्षा देना कोई अपराध है? यदि धार्मिक कार्यक्रमों और सामाजिक सेवा के कार्यों के लिए भी अनुमति नहीं मिलेगी, तो अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा कौन करेगा?

उभ्भा ने पंजाब कांग्रेस के नेताओं से भी सीधे सवाल करते हुए कहा कि तमिलनाडु में सिख समुदाय के धार्मिक और सामाजिक कार्यों में बाधाएं डालने के मामले पर पंजाब कांग्रेस नेतृत्व अपना स्पष्ट रुख सामने लाए।

उन्होंने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रताप सिंह बाजवा, परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस के अन्य नेताओं से पूछा कि सिखों की धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले पर वे चुप क्यों हैं?

हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि सिख समुदाय के धार्मिक अधिकारों और सामाजिक सेवा के कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग द्वारा नोटिस जारी किया जाना इस मामले को आधिकारिक स्तर पर उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब तमिलनाडु सरकार और पुलिस को इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button