

मोहाली: भारत विकास परिषद की वेव एस्टेट सेक्टर-85/99, मोहाली में नई शाखा का गठन किया गया। इस अवसर पर कुल 53 सदस्यों ने परिषद से जुड़कर समाजसेवा, संस्कार एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
नई शाखा के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया, जिसमें श्री मनोज शर्मा को अध्यक्ष, श्री पवन सचदेवा को सचिव तथा श्री विशाल तंवर को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह उभ्भा तथा नगर निगम मोहाली की पार्षद गुरप्रीत कौर उभ्भा ने सर्वसम्मति से चुनी गई नई टीम एवं सभी 53 सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत विकास परिषद की नई शाखा समाजसेवा, जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार, संपर्क, सहयोग एवं समर्पण के मूल सिद्धांतों पर आधारित एक महत्वपूर्ण सामाजिक संगठन है, जो समाज में सेवा भावना, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के लिए कार्य करता है।
नई शाखा के गठन से वेव एस्टेट सेक्टर-85/99 एवं आसपास के क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


